रविवार, 2 अगस्त 2020

Raksha Bandhan 2020 : शुभ मुहूर्त में ऐसे बांधें भाइयों को राखी, मिलेगा शुभ फल



- 29 साल बाद इस रक्षाबंधन पर बन रहा विशेष योग
- 3 अगस्त को सुबह 8:28 मिनट से रात 8:20 मिनट तक राखी बांधने का है शुभ मुहूर्त
- भाइयों की कलाई पर काले रंग का धागा, टूटी व प्लास्टिक और अशुभ चिन्हों वाली राखी न बांधें बहनें

तीन अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और उनके सुखमय जीवन की कामना करती हैं। बदले में भाई भी बहनों को गिफ्ट देकर आजीवन उनकी रक्षा का वादा करते हैं। राखी बांधते समय शुभ मुहूर्त का विशेष ध्यान रखना चाहिए। रक्षाबंधन पर सोमवार को सुबह 8:28 मिनट से रात 8:20 मिनट तक राखी बांधने का शुभ मुहूर्त है। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक, ध्यान रखें कि भाई की दाहिनी कलाई पर ही राखी बांधें। राखी बांधते समय बहनों का मुंह पश्चिम दिशा की ओर और भाई का मुंह पूर्व दिशा की ओर होना चाहिए। ऐसा करने से शुभ फल मिलता है।

ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि शुभता के लिए भाई को तिलक और राखी बांधते समय बहनों को 'येन बद्धो बलिराजा, दानवेन्द्रो महाबलः तेनत्वाम प्रति बद्धनामि रक्षे, माचल-माचल।' मंत्र का जाप करना चाहिए। इससे विशेष फल की प्राप्ति होती है। राखी को बांधने के बाद भाई की आरती उतारना और मीठा खिलाना उत्तम माना गया है। राखी बांधते समय बहनें ध्यान रखें कि वह भाइयों की कलाई में काले रंग का धागा, टूटी या खंडित राखी, प्लास्टिक की राखी और अशुभ चिन्हों वाली राखी नहीं बांधे। ऐसा करना दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

29 वर्ष बाद रक्षाबंधन पर बन रहा विशेष संयोग
इस बार रक्षाबंधन पर महासंयोग के कारण भाई-बहनों को विशेष लाभ मिलेंगे। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक, 29 वर्ष बाद इस बार रक्षाबंधन पर्व परविशेष अमृत योग बन रहा है। सावन के आखिरी सोमवार को पूर्णिमा पर श्रावण नक्षत्र भी है, जिससे इस दिन प्रीतियोग, आयुष्मान योग और सर्वार्थसिद्धि योग बन रहा है जो इस दिन को विशेष और दुर्लभ बनाता है। इस शुभ संयोग में पूजा करने से पूजा का फल दोगुना मिलता है। यह कहना है ज्योतिषाचार्य डॉ. शिवबहादुर तिवारी का। साथ ही उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन पर बहनों को किस तरह से भाई की कलाई पर राखी बांधनी चाहिए, जो सबके लिए फलदायी हो। 

ज्योतिषाचार्यों का कहना है किसावन के आखिरी सोमवार को ही पूर्णिमा तिथि है। इस दिन चंद्रमा के मकर राशि में होने से प्रीति योग बन रहा है। यह शुभ संयोग सुबह 6 बजकर 40 मिनट तक रहेगा। इसके बाद आयुष्मान योग लग जाएगा। पूर्णिमा और सोमवार और रक्षाबंधन के इस अद्भुत संयोग को सौम्या तिथि माना जाता है। मान्यता है कि सावन के आखिरी सोमवार के दिन भगवान शिव और माता पार्वती धरती का भ्रमण करने के साथ ही अपने भक्तों पर कृपा बरसाते हैं।

शनिवार, 1 अगस्त 2020

20 फीसदी छूट सिर्फ बहाना है, असली मकसद तो पूरी फीस लेना है



लखनऊ के सिटी मांटेसरी, सेंट जोजफ स्कूल, लखनऊ पब्लिक स्कूल, क्राइस्ट चर्च कॉलेज, लामार्टिनियर गर्ल्स, इरम कॉलेज, एग्जान मांटेसरी समेत कई बड़े स्कूलों ने अभिभावकों को फीस में 20 फीसदी छूट का ऑफर दिया है। कोरोना संकट के चलते स्कूल-कॉलेज बंद हैं। फीस नहीं आने से स्कूलों पर संकट का साया मंडरा रहा है। ऐसे में अन एडेड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने मीटिंग कर अभिभावकों 20 फीसदी तक फीस में छूट का ऑफर दिया है। साथ ही अभिभावकों के लिए चेतावनी भी है, जिसे हाईलाइट नहीं किया गया। वह यह है कि अगर आपने 10 अगस्त तक अपने बच्चे की फीस नहीं जमा की तो उसे ऑनलाइन कक्षाओं से निकाल दिया जाएगा। अगर बिजनेसमैन हैं या फिर नौकरी पेशा तो छूट के बारे में सोचिये भी मत। सिर्फ फीस जमा कर दीजिए। इस छूट का लाभ लेने के लिए आपको बताना होगा कि कोरोना संक्रमण की वजह से आप वित्तीय संकट झेल रहे हैं...

एसोशिएशन के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने बताया कि स्कूल फीस में 20 फीसदी रियायत लेने के लिए अभिभावकों को स्कूल मैनेजमेंट को लिखित में आवेदन करना होगा। इसके बाद अभिभावकों को उनकी स्थिति देखकर छूट दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अगर किसी अभिभावक के दो से तीन बच्चे पढ़ रहे तो उनको 20 प्रतिशत और किसी अभिभावक का सिर्फ एक ही बच्चा है तो उसे 20 प्रतिशत से कम की छूट दी जाएगी।

शुक्रवार, 31 जुलाई 2020

Covid 19: कर लीजिए ये तीन काम, आपका बाल-बांका भी नहीं कर पाएगा कोरोना वायरस



संभल जाइए। स्थिति बहुत भयावह है। मकसद आपको डराना नहीं। सचेत करना है। उत्तर प्रदेश में तेजी से कोरोना मरीज बढ़ रहे हैं। वह दिन दूर नहीं जब हम-आप या फिर हमारा कोई करीबी इसकी चपेट में आ सकते हैं। भगवान न करे ऐसा हो। फिर भी अगर ऐसा हुआ तो आप इस मुश्किल समय का सामना करने के लिए कितना तैयार हैं? अगर कोरोना की चपेट में आये तो आर्थिक, शारीरिक और मानसिक पीड़ा से गुजरना होगा। इसलिए खुद को तैयार करें। तुरंत हेल्थ इंश्योरेंस कराएं, जिसमें कोरोना कवर हो। मुसीबत के समय यह पॉलिसी आपको आर्थिक नुकसान से बचाएगी। चूंकि कोरोना की अभी कोई दवा नहीं बनी है, यह सिर्फ आपके इम्युनिटी पर निर्भर करता है। ऐसे में जरूरी है कि अपना इम्यून सिस्टम मजबूत रखें जिससे आप कोरोना को हरा पाएंगे। इसके अलावा मानसिक दिक्कत तो होगी, लेकिन अगर आपने पहले से सोच रखा है तो सोच मजबूत होगी और निश्चित आपकी सकारात्मकता से कोरोना पस्त हो जाएगा। तो जरूरी है उन दिनों के लिए आर्थिक, शारीरिक और मानसिक मजबूती बनाए रखें। इसके अलावा कड़ाई से फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करें। मास्क पहनें और लगातार हाथ धुलते रहें।

अस्पतालों की व्यवस्था किसी से छिपी नहीं है। सरकार के तमाम दावों के बावजूद बेकदरी से कोरोना मरीजों की मौत न केवल चिंताजनक है, बल्कि हमें और आपको डरना भी चाहिए। प्राइवेट अस्पतालों में भी बेड़ का टोटा है। अगर हैं भी तो इनमें इलाज कराना आम आदमी के बस की बात नहीं है। कोरोना संकट के नाम कंपनियां बड़ी संख्या में कर्मचारियों को बाहर कर चुकी हैं, जो बचे हैं, उनसे डबल-ट्रिपल काम लिया जा रहा है। ऐसे में अगर आपकी नौकरी बची है तो कट-पिट कर जितना भी पैसा मिल रहा है, मुश्किल दिनों के लिए उसे भी बचाकर रखिए। साथ ही आय के विकल्प भी तलाशते रहिए।

एक दिन रिकॉर्ड 4,453 कोरोना मरीज 
उत्तर प्रदेश में जुलाई महीने से प्रतिदिन तकरीबन 3000 मामले सामने आ रहे हैं। महीने के आखिरी दिन यानी 31 जुलाई को 24 घंटे में 4,453 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आ गए। यह एक दिन में मिले संक्रमित मरीजों रिकार्ड आंकड़ा है। उत्तर प्रदेश में अब तक कुल पॉजिटिव केस 85 हजार के पार जा चुके हैं। इनमें करीब 35 हजार एक्टिव केस हैं। अब तक 1630 संक्रमितों की मौत हो चुकी है जबकि 48 हजार से अधिक मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं।