गुरुवार, 2 अप्रैल 2015

फसल नुकसान पर मुआवज़े का ‘झुनझुना’

उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान हो या फिर अन्य कोई राज्य फसल नुकसान के सदमे ने सैकड़ों किसानों को मौत के मुंह में धकेल दिया। हर साल सैकड़ों किसान आत्महत्या की मूक गवाही देने वाले देश में किसान आत्महत्या का मीटर तेजी से बढ़ने के लिए इतनी तबाही काफी थी

हालांकि मोदी सरकार के मंत्री दावा कर रहे हैं कि वह बर्बाद हुए किसान के साथ खड़े हैं। इतना ही नहीं, खुद केन्द्र और राज्य ने नियमों से परे जाकर किसानों को मदद की बात कही थी, पर सच यह है कि अब तक किसानों को कोई मदद नहीं मिली है। बारिश-ओलावृष्टि से से आहत हुए किसानों का अब सरकारी लीपापोती से भरोसा उठने लगा है। सब्र जवाब दे रहा है। क्योंकि राहत का झुनझुना अभी भी किसानों से कोसों दूर है। यह हाल तो तब है जब सरकार खुद किसानों का दर्द जानने खेतों तक पहुंची थी। सैकडों विधायकों को विधानसभा से छुट्टी देकर उनके क्षेत्रों में भेजा गया। लेकिन रिजल्ट वही ढाक के तीन पात


मुआवज़ा कितना और कब मिलेगा? और क्या फसल बीमा की तमाम योजनाएं वाकई किसान के काम आएंगी?  सवाल का जवाब देते हुए लगातार विरोध प्रदर्शन में जुटे भारतीय किसान यूनियन के बुंदेलखंड अध्यक्ष बताते हैं, ''अभी तो किसानों को पिछले साल रबी सीजन में हुए नुकसान के चेक ही आ रहे हैं.'' ऐसे में अब हफ्ते-दस दिन में राहत राशि मिलने की उम्मीद जताना बेइमानी होगा। यही हाल देश के तमाम राज्यों का है।

मुआवज़ा देने की एक तय प्रक्रिया है। थोड़े बहुत अंतर के साथ सभी राज्यों में यही दास्तान है। बीमा या फसलों की बर्बादी का मुआवजा तभी मिलता है जब एक ब्लॉक के 70 प्रतिशत भूमि पर नुकसान हुआ हो। झांसी के ही किसान रामनरेश बताते हैं कि हर खेत में पचास प्रतिशत नुकसान का होना ज़रूरी है तभी मुआवज़े की राशि तय होगी। पटवारी मानता ही नहीं है कि सत्तर प्रतिशत खेतों में नुकसान हुआ है। अगर वो मान भी लिया तो हर खेत के नुकसान को 50 प्रतिशत से कम बता देता है जिससे मुआवज़े पर दावेदारी कम हो जाती है। मुआवज़ा मिल भी गया तो 20 या पचास रुपये से ज्यादा नहीं मिलता है।

सरकारों ने एकड़ के हिसाब से जो मुआवज़ा तय कर रखा है वो साढ़े तीन हज़ार के आस पास ही है। जबकि एक एकड़ ज़मीन में गेहूं बोने पर आठ से दस हज़ार की लागत आती है। आलू का खर्चा पंद्रह हज़ार के करीब बैठता है। फसल अच्छी हो कमाई तीस से पचास हज़ार के बीच होने की उम्मीद रहती है। यानी राहत या बीमा की राशि इनती कम हो कि लागत भी न निकले।

देश में मुआवजा बांटने की प्रक्रिया ही इतनी पुरानी और सुस्त है कि किसान कितना भी धरना-प्रदर्शन कर लें, मुआवजा मिलने में महीनों और पूरा मुआवजा मिलने में सालों लग जाएंगे। क्योंकि मुआवजे का सर्वे लेखपाल ही करते हैं और उनकी कार्यप्रक्रिया किसी से भी छिपी नहीं है। चलिए माना कि वो जांच में थोड़ी पारदर्शिता दिखाते भी हैं तो कितने दिनों में वे ऐसा कर पाएंगे।

मिसाल के तौर पर झांसी जिले को ही ले लें। यहां कोई 600 राजस्व गांव हैं, जिनमें करीब 2.5 लाख किसान हैं और उनका सर्वे करने के लिए मात्र लगभग 200 लेखपाल तैनात हैं। यानी एक लेखपाल के पास औसतन 3 राजस्व गांव और डेढ़ से दो हजार खाते हैं। नियम के मुताबिक लेखपाल को एक-एक खेत में जाकर वहां हुए नुकसान का सर्वे करना होता है। ऐसे में हफ्ते भर के अंदर अगर कोई लेखपाल हर खेत में हुए नुकसान का पूरा ब्योरा दर्ज कर लेता है तो दुनिया का आठवां अजूबा ही माना जाएगा।


सोमवार, 5 जनवरी 2015

सिडनी विजय कर कोहली खत्म करेंगे 37 साल का सूखा?


जनवरी 2004 में भारत ने पहली पारी में इसी ग्राउंड पर बनाए थे सात विकेट पर 705 रन।
न्यू साउथ वेल्स (सिडनी)। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में गवां चुकी है। चार मैचों की सीरीज में भारत अभी मेजबानों से 2-0 से पीछे है और अभी टीम को जीत का खाता खोलना बाकी है, जबकि तीसरा टेस्ट ड्रॉ रहा था।


भारत ने इस मैदान पर एकमात्र जीत 1978 में दर्ज की थी। प्रसन्ना, बेदी और चंद्रशेखर की स्पिन तिकड़ी ने ऑस्ट्रेलिया को एक पारी और दो रनों से हार पर मजबूर किया था। उसके बाद से भारतीय टीम इस मैदान पर जीत का स्वाद नहीं चख सकी है।

भारत के सबसे सफलतम टेस्ट कप्तान धोनी के सन्यास लेने के बाद नए साल में नए टेस्ट कप्तान बने विराट कोहली के सामने कई चुनौतियां होंगी। टीम इंडिया अपने नए कप्तान विराट कोहली के नेतृत्व में सिडनी क्रिकेट मैदान पर हार की हैट्रिक से बचना चाहेगी। इस मैदान पर भारत 2008 और 2012 में अपने पिछले दो मुकाबले गंवा चुका है। भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें छह जनवरी से एक बार पिर यहां आमने-सामने होंगी। यह दोनों टीमें के बीच 11वां मुकाबला होगा। इनमें से पांच में ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली है, जबकि एक में भारत जीता है। चार मुकाबले बराबरी पर छूटे हैं।

सिडनी में मौजूदा भारतीय टीम के चार खिलाड़ी ही खेले हैं। कप्तान विराट कोहली, इशांत शर्मा, उमेश यादव और रविचंद्रन अश्विन 2012 में इस मैदान पर हुए टेस्ट में टीम का हिस्सा थे। इशांत शर्मा को दो मैच खेलने का अनुभव है। वे 2008 में भी टीम का हिस्सा थे।

रिकॉर्डों की बात करें तो सिडनी मैदान पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बल्ले ने जमकर रन बरसाए हैं। उनके रिकॉर्ड के आगे ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन, पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग और माइकल क्लार्क भी फेल हैं।

157 के एवरेज से बनाए हैं रन
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने 1992 और 2012 के बीच पांच मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 157 की औसत से 9 पारियों में तीन शतक और दो अर्धशतक की बदौलत 785 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 241 रन है। यह सचिन के टेस्ट करियर की भी बेस्ट पारी है। सिडनी में ब्रैडमैन का 58.58 (703 रन), रिकी पोंटिंग का 67.27 (1480 रन) और माइकल क्लार्क का एवरेज 47.68 (763 रन) रहा है।

माइकल क्लार्क का जवाब नहीं
इस मैदान पर एक पारी में सर्वाधिक स्कोर बनाने का रिकॉर्ड माइकल क्लार्क के नाम है। उन्होंने नाबाद 329 रन बनाए हैं।

इन भारतीयों ने भी बरसाये रन
भारतीय बल्लेबाजों के नाम इस मैदान पर दूसरे और चौथे विकेट की साझेदारी का रिकॉर्ड है। सुनील गावसकर और मोहिंदर अमरनाथ ने 1986 में दूसरे विकेट के लिए 224 रन जोड़े थे। इसके अलावा सचिन तेंडुलकर और वीवीएस लक्ष्मण ने 2004 में चौथे विकेट के लिए 353 रन की साझेदारी की थी।

1986 में 600 रन बनाए
जनवरी, 1986 में गावसकर (172) और अमरनाथ (138) ने 191 रनों के कुल योग पर के. श्रीकांत (116) का विकेट गिरने के बाद भारतीय स्कोर को 415 रनों तक पहुंचाया था। भारत ने उस मैच में चार विकेट पर 600 (घोषित) रन बनाए थे।

सिडनी में भारत का उच्च स्कोर
जनवरी, 2004 को शुरू हुए चौथे टेस्ट में सचिन (241) और लक्ष्मण (178) ने 194 रनों पर तीन विकेट गिरने के बाद भारतीय पारी को 547 रनों तक पहुंचाया था। सचिन ने इस मैच में अपना सर्वोच्च टेस्ट स्कोर खड़ा किया था। भारत ने सात विकेट पर 705 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी।

फोटो- ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर अनुष्का शर्मा संग कई बार नजर आए विराट कोहली। इस बार उनके साथ टीम इंडिया के डायरेक्टर रवि शास्त्री भी नजर आये।

शनिवार, 13 दिसंबर 2014

न धोनी, न गांगुली, पहले ही मैच में कोहली नंबर वन कप्तान

टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक जडऩे वाले पहले भारतीय कप्तान बने विराट कोहली

एडिलेड। धोनी की अनुपस्थिति में टीम इंडिया की कमान संभाल रहे विराट कोहली ने एडिलेड टेस्ट की दूसरी पारी में भी सेंचुरी जड़ दी। एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले वे इंडिया के इकलौते कप्तान हैं। वैसे तो सौरव गांगुली और महेंद्र सिंह धोनी टीम इंडिया के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट कप्तान रहे हैं, लेकिन विराट ने धमाकेदार डेब्यू से इन सभी को पीछे कर दिया है। गांगुली ने बतौर कप्तान डेब्यू पर 84 रन की पारी खेली थी, वहीं धोनी पचासा तक नहीं लगा सके थे।


विराट ने एडिलेड में कप्तान की जिम्मेदारी निभाते हुए पहली पारी में 115 रन बनाए थे। उसके बाद सेकंड इनिंग में भी उन्होंने मोर्चा संभालते हुए शतक जड़ा।

दुनिया के दूसरे कप्तान
विराट कोहली का बतौर कप्तान यह पहला टेस्ट भी है। बतौर कप्तान डेब्यू टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले वे दुनिया के महज दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले यह कारनामा ग्रेग चैपल ने किया था। चैपल ने 28 नवंबर 1975 को ब्रिसबेन में हुए टेस्ट मैच में पहली बार कप्तानी संभाली थी। उन्होंने वेस्ट इंडीज के खिलाफ मुकाबले में क्रमश: 123 व 109* रन की पारियां खेली थीं। वह मैच ऑस्ट्रेलिया 8 विकेट से जीता था।